रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित नवोदय स्कूल (Navodaya School Raipur) से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां हॉस्टल में रह रहे कक्षा 10वीं के 4 छात्रों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हॉस्टल वार्डन और शिक्षक ने देर रात छात्रों को मोबाइल पर वीडियो देखने और शोर करने पर छड़ी व रॉड से पीटा।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1 बजे चारों छात्र एक ही मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे और आपस में हंस-बोल रहे थे। तभी हॉस्टल वार्डन राउंड पर पहुंचा और शोर सुनकर कमरे के अंदर चला गया। बच्चों के हाथ में मोबाइल देखकर वार्डन भड़क गया और तुरंत इसकी जानकारी स्कूल के शिक्षक डीके सिंह को दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर छात्रों की पिटाई कर दी।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी सामने आने के बाद रायपुर DEO हिमांशु भारती ने बताया कि कलेक्टर गौरव सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी। अभी तक की जानकारी के अनुसार छात्रों से मारपीट की पुष्टि हुई है। बच्चों की सेहत की निगरानी की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
