अमेरिका ने भारत पर 27 अगस्त से अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। इससे भारत पर कुल 50% टैरिफ लागू हो जाएगा। यह नया शुल्क 27 अगस्त की रात 12:01 बजे से प्रभावी होगा।
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (CBP) की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि यह आदेश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 6 अगस्त को हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेश का हिस्सा है।
पहले से लागू है 25% टैरिफ
भारत से आने वाले कई उत्पादों पर पहले ही 25% टैरिफ लगाया जा चुका है। अब इसमें 25% अतिरिक्त शुल्क जोड़ा जाएगा।
यह शुल्क उन वस्तुओं पर भी लागू होगा जो 27 अगस्त की तय समय सीमा के बाद अमेरिका में पहुंचेंगी।
ट्रंप प्रशासन ने 7 अगस्त से ही पहला 25% टैरिफ लागू कर दिया था।
भारत ने किया टैरिफ का विरोध
भारत ने अमेरिका के इस कदम की कड़ी आलोचना की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत के लिए किसानों और छोटे उत्पादकों के हित सबसे अहम हैं और सरकार इन पर कोई समझौता नहीं करेगी।
भारतीय अधिकारियों ने साफ किया कि भारतीय कंपनियां जहां बेहतर सौदा मिलेगा, वहीं से तेल खरीदेंगी।
रूस ने अमेरिका को दिया जवाब
अमेरिका भारत के रूस से तेल खरीदने को लेकर नाराज़ है और इसी वजह से 50% टैरिफ लगाया गया है।
वहीं, रूस ने अमेरिका की आलोचना करते हुए भारत को कच्चा तेल खरीदने पर 5% छूट देने का ऐलान किया है।
साथ ही, भारत और रूस ने 2030 तक 8,350 अरब रुपये के व्यापार का लक्ष्य भी तय किया है।
