बिलासपुर। जिले के कोनी थाना से आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस की बड़ी लापरवाही के चलते हिरासत में रखा आरोपी स्वरित सिंह (20) फरार हो गया। घटना के बाद एसपी रजनेस सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दोनों आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कोनी थाना क्षेत्र की एक नाबालिग ने स्वरित सिंह पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार शाम दबिश देकर गिरफ्तार कर थाने में रखा था। उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक रविशंकर जगत और प्रदीप पाव को दी गई थी।
रात में ड्यूटी के दौरान दोनों आरक्षक सो गए और तड़के करीब 4 बजे आरोपी हथकड़ी सरकाकर थाने से फरार हो गया। सुबह मामले का पता चलने पर अधिकारियों को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके खिलाफ अभिरक्षा से फरार होने का केस दर्ज किया गया है।
