कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के खाते में 2022-23 और 2023-24 के दौरान कैश मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) के जरिए जमा की गई नगद राशि में 79 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस घोटाले में एक्सिस बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक मिश्रा और उनके सहयोगी प्रियांशु को गिरफ्तार किया गया है।
इस घोटाले का खुलासा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने किया, जिसके बाद निगम में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार ने सिविल लाइन थाना में की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 409 (विश्वासघात कर संपत्ति का दुरुपयोग) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
कैसे हुआ घोटाला?
नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली से प्राप्त नगद राशि को CMS के जरिए एक्सिस बैंक की पावर हाउस रोड शाखा में निगम के खाते में जमा कराया जाता था। लेकिन जब निगम के कैश रजिस्टर, CMS पर्ची और बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई, तो बड़ी गड़बड़ी सामने आई।
2022-23 में जमा राशि और बैंक स्टेटमेंट में ₹49.52 लाख का अंतर मिला।
2023-24 में यह अंतर ₹29.47 लाख का रहा।
कुल मिलाकर, दोनों वर्षों में ₹79 लाख 779 रुपये का गबन किया गया।
जांच जारी, और खुलासे संभव
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच चल रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गड़बड़ी में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
