सोशल मीडिया पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खबर आई कि क्रिकेटर विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट हो गया है। इस खबर के बाद फैंस तरह-तरह के कयास लगाने लगे। हालांकि अब फैंस के लिए राहत की बात है कि विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा चालू हो गया है।
डिएक्टिवेट होते ही शुरू हुए कयास
गुरुवार देर रात विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट दिखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ लोग इसे उनके रिटायरमेंट से जोड़ने लगे, तो कुछ ने अंदाजा लगाया कि शायद कोहली सोशल मीडिया छोड़ने वाले हैं।
हालात ऐसे हो गए कि फैंस उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर जाकर जवाब मांगने लगे।
शुक्रवार सुबह हुई ‘किंग’ की वापसी
शुक्रवार सुबह विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से एक्टिव हो गया। इसके बाद फैंस ने राहत की सांस ली और सोशल मीडिया पर खुशी का माहौल देखने को मिला।
अब तक न तो विराट कोहली और न ही उनकी मैनेजमेंट टीम की तरफ से यह साफ किया गया है कि अकाउंट डिएक्टिवेट क्यों हुआ था।
भाई का अकाउंट अब भी डिएक्टिवेट
जिस समय विराट कोहली का अकाउंट डिएक्टिवेट हुआ था, उसी दौरान उनके भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद दिख रहा था। खबर लिखे जाने तक विकास का अकाउंट अभी भी डिएक्टिवेट ही बताया जा रहा है।

इंस्टाग्राम से होती है मोटी कमाई
विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर करीब 274 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम उनकी कमाई का भी एक बड़ा जरिया है, ऐसे में उनके खुद से अकाउंट डिएक्टिवेट करने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
ऐसा माना जा रहा है कि यह मामला किसी तकनीकी खराबी का हो सकता है। वजह चाहे जो भी रही हो, अकाउंट वापस आने से फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं।
