
महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां प्रसिद्ध शिशुपाल पर्वत के नीचे युवक और युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान डिलेश्वर साव के रूप में हुई है, जो बारीकपाली गांव का रहने वाला था। युवती भी उसी गांव की बताई जा रही है। सुबह जब स्थानीय लोगों ने दोनों के शव देखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम प्रसंग का मामला
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि दोनों ने साथ मिलकर शिशुपाल पर्वत से छलांग लगाकर आत्महत्या की। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद शिशुपाल पर्वत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर्यटकों से शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
