
Satya Niketan Building Collapse: नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। करीब 1:30 बजे दो इमारतें अचानक ढह गईं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी में तीन लोगों को बाहर निकालने की बात सामने आई है। वहीं, DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने करीब 10-15 छात्रों के बचाए जाने का दावा किया है।
बताया जा रहा है कि गिरी इमारतों में से एक तीन मंजिला थी और वहां लड़कों का PG/हॉस्टल चलता था। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त कई छात्र अंदर मौजूद थे। कुछ के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास की इमारतों को भी खाली कराया गया है। NDRF समेत बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। NSUI के कार्यकर्ता भी मौके पर राहत कार्य में मदद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि फंसे लोगों को निकालने और प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की ओर से हादसे में फंसे लोगों तथा नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
