CG Suicide Case: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 18 साल की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हैरानी की बात यह है कि उसने मौत से पहले अपने पति को घर बुलाया, उसे गले लगाया और फिर कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतका पूजा गिरी (18) की शादी करीब ढाई महीने पहले मुकेश गिरी (19) से हुई थी। रविवार शाम पूजा ने पति को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही। जब पति घर पहुंचा तो पूजा सामान्य दिखी, लेकिन कुछ ही देर बाद वह कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पूजा साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पति मुकेश ने पुलिस को बताया कि पूजा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
