रायपुर। लोकसभा क्षेत्र रायपुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 अब अपने अंतिम और निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। इस बहुप्रतीक्षित खेल महाकुंभ का मेगा फाइनल और समापन समारोह 23 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक रायपुर के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
फिट इंडिया–खेलो इंडिया को साकार करता आयोजन
सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया–खेलो इंडिया’ की सोच को जमीन पर उतारने की एक ऐतिहासिक पहल बन चुका है।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभाओं—रायपुर दक्षिण, पश्चिम, उत्तर, ग्रामीण, आरंग, अभनपुर, धरसीवा, भाटापारा और बलौदा बाजार से 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी ने इस आयोजन को अभूतपूर्व पहचान दिलाई है।
23–24 दिसंबर को मेगा फाइनल, 5000 खिलाड़ी लेंगे भाग
21 सितंबर 2025 से संकुल, जोन और ब्लॉक स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं के बाद अब 23 और 24 दिसंबर को मेगा फाइनल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 5000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मेगा फाइनल की प्रतियोगिताएं निम्न स्थलों पर होंगी—
नेताजी सुभाष स्टेडियम, रायपुर
मोतीबाग रायपुर
सप्रे शाला वॉलीबॉल मैदान
जे.एन. पाण्डेय स्कूल
अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल (तैराकी प्रतियोगिता)
मनोज तिवारी रहेंगे मुख्य अतिथि
23 दिसंबर को नेताजी सुभाष स्टेडियम में विधायकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मेगा फाइनल का शुभारंभ होगा।
वहीं 24 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के सांसद एवं लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिलेगा।
25 दिसंबर को भव्य समापन, PM मोदी का वर्चुअल संबोधन
25 दिसंबर 2025, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती ‘सुशासन दिवस’ के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में भव्य समापन समारोह होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगी। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों का सम्मान
तीनों दिन के आयोजनों में राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
1500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जुटे
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल संघों, नगर निगम, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के लगभग 1500 अधिकारी, कर्मचारी, व्यायाम शिक्षक और खेल अधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पारंपरिक और आधुनिक खेलों का अनूठा संगम
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक एकता का जन आंदोलन है।
इस महोत्सव में कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, गेड़ी दौड़, भारोत्तोलन, फुगड़ी, रस्सी कूद, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, रस्सा-कसी, शरीर शौष्ठव और तैराकी सहित 13 खेल विधाओं में 19 वर्ष से कम और अधिक आयु वर्ग के महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया।
जनता से अपील
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आमजन से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की और सफल प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया का आभार भी जताया।
