रायपुर। राजधानी के धरसींवा थाना क्षेत्र में पति के अफेयर के शक पर एक महिला ने दूसरी महिला की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान पीड़िता और उसके पति को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, सुंगेरा गांव की रहने वाली कुलेश्वरी निषाद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 15 अगस्त की रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपने घर पर पति के साथ मौजूद थी। तभी सोनबती निषाद नाम की महिला अपनी बेटी के साथ वहां पहुंची और आरोप लगाया कि उसके पति का कुलेश्वरी से अवैध संबंध है।
इसके बाद सोनबती ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और डंडे से हमला कर दिया। इस घटना में कुलेश्वरी के हाथ और उसके पति कमलेश की कलाई में चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
धरसींवा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।
