रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। अग्रसेन धाम चौक के पास बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में शामिल कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। बताया जा रहा है कि सभी लोग वीकेंड नाइट पार्टी के बाद शहर की ओर लौट रहे थे। टक्कर के बाद कार सवार बिना रुके मौके से फरार हो गए, जिससे यह मामला हिट एंड रन का बन गया है।
सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार एक विधायक के बेटे की बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और वाहन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
