रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से गुटखा और तंबाकू का भंडारण करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 20 लाख रुपए का माल जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक स्टोरेज रूम में बड़ी मात्रा में गुटखा और तंबाकू जमा किया गया है। दाम बढ़ने के कारण कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही थी। सूचना मिलते ही रायपुर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
छापेमारी के दौरान 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाकू बरामद किया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई रायपुर नार्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में की गई। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
