
रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में मंगलवार रात एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई। उषा प्राइड अपार्टमेंट में एक बाउंसर ने अपनी ही दो सालियों पर गोली चला दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। उसी हथियार से उसने यह वारदात को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के साथ पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद उसकी पत्नी अपने बच्चे को लेकर बहन गीतांजलि वर्मा के घर गई और बच्चे को वहीं छोड़कर दूसरी बहन के घर चली गई।
रात में आरोपी ने पत्नी से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। गुस्से में वह पिस्टल लेकर साली के घर पहुंच गया और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

इंकार करने पर बरसाई गोलियां
जब सालियों ने बताया कि बच्चा वहां नहीं है और उसे वापस जाने को कहा, तो आरोपी भड़क गया। गुस्से में उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से गीतांजलि वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी वर्मा के पेट में गोली लगी। उसे गंभीर हालत में डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि यह पूरी घटना पारिवारिक विवाद और बच्चे से मिलने को लेकर हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
