
Airport New Rules: रायपुर एयरपोर्ट पर अब रील्स, वीडियो और फोटो बनाने को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। DGCA और BCAS की नई गाइडलाइन के तहत एयरपोर्ट के कई संवेदनशील इलाकों में शूटिंग पूरी तरह बैन कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है, ताकि एयरपोर्ट संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।
सिक्योरिटी एरिया में वीडियो बनाना बैन
नई गाइडलाइन के मुताबिक सुरक्षा जांच वाले क्षेत्र यानी Security Hold Area में रील्स या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां CISF यात्रियों और सामान की जांच करती है, इसलिए रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं होगी।
बोर्डिंग और विमान के पास भी रोक
अब विमान तक जाने वाले रास्ते, बोर्डिंग के दौरान और एयरक्राफ्ट पार्किंग एरिया में रुककर फोटो-वीडियो बनाना भी मना होगा। हालांकि यात्री फ्लाइट के अंदर अपनी सीट या खिड़की से सामान्य फोटो और वीडियो ले सकेंगे।
क्रू के निर्देश मानना जरूरी
अगर केबिन क्रू कैमरा बंद करने को कहता है तो यात्रियों को तुरंत मानना होगा। आदेश नहीं मानने पर यात्री को “अनरूली पैसेंजर” घोषित किया जा सकता है, जिसके बाद एयरलाइन सख्त कार्रवाई कर सकती है।
नियम तोड़ने पर लगेगा बैन
DGCA की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नियम तोड़ने वालों पर 3 महीने से लेकर 2 साल या उससे ज्यादा समय तक हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। साथ ही CISF मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर सकती है और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
यात्रियों से अपील
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई गाइडलाइन का पालन करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।