
रायगढ़: सर्पदंश से पत्नी की मौत के बाद सरकारी मुआवजे का इंतजार कर रहे एक परिवार से रिश्वत मांगना कलेक्ट्रेट के बाबू को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायगढ़ कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
मामला पुसौर तहसील के ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार से जुड़ा है। उनकी पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की ओर से मिलने वाले आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया, लेकिन फाइल लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ी।
शिकायत के अनुसार, जब विजय सिदार मुआवजा राशि की जानकारी लेने कलेक्ट्रेट पहुंचे तो बाबू ने फाइल का काम करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग कर दी। आरोपी ने यह भी कहा कि रकम मिलने तक भरोसे के लिए 50 हजार रुपये का साइन किया हुआ चेक देना होगा।
विजय सिदार ने रिश्वत देने के बजाय पूरे मामले की जानकारी ACB बिलासपुर को दी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी बाबू शिकायतकर्ता से हस्ताक्षरित चेक लेने पहुंचा, ACB ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि रिश्वत की गारंटी के रूप में साइन किया हुआ चेक लेते हुए किसी सरकारी कर्मचारी की गिरफ्तारी का यह बेहद अनोखा मामला है।
