
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सैनन इन दिनों अपने एक विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। मामला बढ़ने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कृति के समर्थन में पोस्ट किया।
राहुल गांधी ने कृति सैनन की इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। उन्होंने कहा कि महिलाएं क्या पहनें, क्या करें और कहां जाएं, यह उनका अपना फैसला है। उन्होंने महिलाओं की आजादी और उनकी पसंद का सम्मान करने की अपील करते हुए ट्रोलिंग बंद करने की बात कही। राहुल ने पोस्ट के साथ ‘Smash the Patriarchy’ हैशटैग भी लगाया।
किस बात पर हुआ विवाद?
विवाद ज्वैलरी ब्रांड ‘जीवा’ के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ। इस एड में कृति सैनन एक भाई को राखी बांधती नजर आती हैं। विज्ञापन में उनके इंडो-वेस्टर्न आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए। हालांकि, कई लोगों ने एक्ट्रेस का समर्थन भी किया।

कृति ने भी दिया जवाब
ट्रोलिंग के बाद कृति सैनन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संस्कृति कपड़ों से नहीं, बल्कि दिल से जुड़ी होती है।
कृति ने सवाल उठाया कि महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, यह तय करने की कोशिश आखिर कब तक चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि त्योहार और परंपराओं की अहमियत सिर्फ पहनावे से नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और सम्मान से तय होती है।
