
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत के साथ वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों के बीच हुई मजेदार बातचीत लोगों का ध्यान खींच रही है।
मल्लिका ने सिखाई एक्सरसाइज
वायरल क्लिप में मल्लिका शेरावत फिटनेस ट्रेनर की तरह तेज प्रताप यादव को स्ट्रेचिंग और एक्सरसाइज कराती दिखाई देती हैं। मल्लिका आसानी से एक्सरसाइज करती हैं, जबकि तेज प्रताप कुछ मूव्स करते हुए थोड़े असहज नजर आते हैं।
एक्सरसाइज के दौरान तेज प्रताप कहते हैं, ‘ये करना तो बड़ा हार्ड है।’ वहीं बैंड एक्सरसाइज को लेकर वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि इसे करने से उन्हें सिरदर्द हो जाएगा।
मल्लिका की तारीफ पर तेज प्रताप का भोजपुरी अंदाज
वीडियो में मल्लिका तेज प्रताप की मुस्कान की तारीफ करती नजर आती हैं। इसके जवाब में तेज प्रताप भी भोजपुरी अंदाज में मल्लिका की तारीफ करते हुए कहते हैं, ‘तहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा, मल्लिका जी।’ दोनों के बीच की यह बातचीत सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रही है।
‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आ रहे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव इन दिनों ‘भोजपुरी बवाल’ से जुड़े हुए हैं। यह शो भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े चर्चित चेहरों की निजी जिंदगी और रोजमर्रा के पलों को दिखाने के लिए बनाया गया है। शो में पवन सिंह, निरहुआ और आम्रपाली दुबे जैसे भोजपुरी सितारे भी नजर आते हैं।
तेज प्रताप का अलग अंदाज
तेज प्रताप यादव लंबे समय से अपने राजनीतिक जीवन के साथ-साथ अलग-अलग रुचियों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो में राजनीति के अलावा आध्यात्मिकता, फिटनेस, लाइफस्टाइल और निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलू देखने को मिलते हैं। यही वजह है कि उनके नए वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लेते हैं।
