जिस ‘कुंभ गर्ल’ Monalisa Bhosle को फिल्म निर्देशक Sanoj Mishra ने बड़े पर्दे पर लॉन्च करने का सपना देखा था, उसी मोनालिसा के अचानक शादी करने की खबर से निर्देशक को बड़ा झटका लगा है। बताया जा रहा है कि मोनालिसा ने केरल में Furman Khan नाम के युवक से निकाह कर लिया है।
इस खबर के सामने आते ही निर्देशक की फिल्म The Diary of Manipur के भविष्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। निर्देशक का कहना है कि उन्होंने फिल्म में धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मुद्दे को उठाया था, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि वह फिल्म रिलीज करने को लेकर असमंजस में हैं।
“अब किस मुंह से फिल्म रिलीज करूं?”
एक इंटरव्यू में सनोज मिश्रा ने कहा कि उनकी फिल्म समाज को धर्मांतरण जैसे मुद्दे पर जागरूक करने के लिए बनाई गई थी। लेकिन जब फिल्म की मुख्य अभिनेत्री ने खुद मुस्लिम युवक से शादी कर ली, तो उनके लिए फिल्म रिलीज करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद विडंबनापूर्ण है, क्योंकि जिस मुद्दे के खिलाफ संदेश देने के लिए उन्होंने फिल्म बनाई, वही बात उनकी हीरोइन की निजी जिंदगी में सामने आ गई।
पहले अफवाह समझकर किया नजरअंदाज
निर्देशक ने बताया कि जब उन्हें पहली बार इस खबर के बारे में पता चला तो उन्होंने इसे अफवाह समझकर नजरअंदाज कर दिया। उन्हें लगा कि मोनालिसा किसी शूटिंग के सिलसिले में बाहर गई होगी।
लेकिन जब सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैलने लगी और माहौल बिगड़ने लगा, तब उन्होंने तुरंत मोनालिसा के परिवार से संपर्क किया।
भरोसा टूटा और भारी नुकसान
सनोज मिश्रा के मुताबिक, मोनालिसा ने कभी उनसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की। करीब दो महीने पहले तक दोनों फिल्म की शूटिंग साथ में कर रहे थे। निर्देशक का कहना है कि वह उसे बेटी की तरह मानते थे, इसलिए यह फैसला उनके लिए और भी बड़ा झटका है।
2 साल की मेहनत और 10 करोड़ का कर्ज दांव पर
निर्देशक ने बताया कि इस फिल्म को बनाने में उन्होंने करीब दो साल की मेहनत की है और लगभग 10 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। उनका कहना है कि अगर फिल्म रिलीज नहीं हो पाती तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म के लिए उन्होंने अपने 35 साल के करियर और पूरी जमा पूंजी दांव पर लगा दी थी, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उनका भविष्य भी संकट में पड़ गया है।
