Mathura boat accident: मथुरा में यमुना नदी पर हुए दर्दनाक नाव हादसे से पहले और बाद के दो वीडियो सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना केसी घाट के पास हुई, जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है। नाव में करीब 25 से 27 श्रद्धालु सवार थे। नाव पांटून पुल से टकरा गई, जिसके बाद वह पलट गई और लोग पानी में गिर गए।
हादसे से पहले का वीडियो वायरल
हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पंजाब से आए श्रद्धालु खुशी-खुशी “राधे-राधे” का जप और तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। सभी लोग वृंदावन दर्शन के लिए आए थे और यात्रा का आनंद ले रहे थे।
हादसे के बाद का मंजर
दूसरे वीडियो में हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी और लोगों को पानी में डूबते हुए देखा गया। कई लोग जान बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
लापरवाही भी सामने आई
बताया जा रहा है कि नाव में सवार किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, न ही उन्हें नाविक द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
मृतक और राहत कार्य
इस हादसे में पंजाब (लुधियाना, मुक्तसर, जगरांव) और हरियाणा (हिसार) से आए श्रद्धालु शामिल थे। प्रशासन के मुताबिक 16 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कई घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
आगरा रेंज के DIG शैलेश पांडे के अनुसार सभी घायलों को जिला अस्पताल, सीएचसी और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
