कवर्धा/बोडला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्यार, दबाव और विवाद ने एक दर्दनाक हत्या का रूप ले लिया। जिले के मशहूर पर्यटन स्थल रानीदहरा जलप्रपात में मिली महिला की लाश का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पूरी तरह से रची गई हत्या की साजिश थी। मृतका सुखमती बाई बैगा (24) का अपने प्रेमी देवेंद्र प्रसाद जायसवाल (26) के साथ लंबे समय से संबंध था। लेकिन सुखमती पहले से शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां होने के कारण वह शादी के लिए तैयार नहीं थी।
रिश्ते में तनाव बना हत्या की वजह
देवेंद्र लगातार शादी का दबाव बना रहा था, जबकि सुखमती उससे दूरी बनाने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बताया जा रहा है कि दोनों पहले एक बार दिल्ली भी भाग चुके थे, लेकिन बाद में वापस लौट आए थे।
16 मार्च: प्लान के तहत बुलाया और की हत्या
16 मार्च को आरोपी ने सुलह और घूमने के बहाने सुखमती को रानीदहरा जलप्रपात बुलाया। सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसने गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को पत्थरों से बांधकर गहरे पानी में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।
ऐसे खुला राज
19 मार्च को कुछ पर्यटकों ने पानी में तैरती लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और परिजनों के बयान के आधार पर जांच शुरू की। शक की सुई तुरंत देवेंद्र पर गई, जो घटना के बाद से फरार था।
पुणे से गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
