
Konta BEO Bribe Case: सुकमा। जिले के कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रकुमार यारदा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एरियस बिल निकालने के बदले 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB ने अधिकारी को 10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
16 लाख की एरियस राशि के भुगतान का मामला
मामला कोंटा खंड शिक्षा कार्यालय से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, प्रधानपाठक कवासी सुशीला की करीब 16 लाख रुपये की एरियस राशि का भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस राशि का बिल जारी कराने के लिए BEO ने 5 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 80 हजार रुपये की मांग की।
एरियस राशि के भुगतान के लिए संबंधित लोग करीब एक महीने से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसके बाद शिक्षिका के पति कवासी मंगलराम ने मामले की शिकायत ACB से की।
10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और आरोपी अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त लेते पकड़ने की योजना बनाई। तय कार्रवाई के तहत 10 हजार रुपये दिए गए।
जैसे ही चंद्रकुमार यारदा ने कथित तौर पर यह रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
