
दुर्ग। जिला अस्पताल दुर्ग की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाने के मामले में तीन महिला टेक्नीशियनों पर कार्रवाई की गई है। HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है।
मामला 24 अगस्त का है। तीनों महिला टेक्नीशियनों ने लैब के अंदर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था। वीडियो में एक कर्मचारी टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर डांस करती नजर आई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर रील बनाई गई थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। उनसे पूछा गया कि ड्यूटी के समय लैब के अंदर वीडियो कैसे बनाया गया और उस दौरान कर्मचारियों की जिम्मेदारी क्या थी।
जांच के बाद लैब प्रभारी की ओर से संबंधित स्टाफ पर कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया। इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवा समाप्त कर दी।
बताया गया है कि रील 24 अगस्त को बनाई गई थी, लेकिन करीब पांच दिन बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वीडियो सामने आने के बाद ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू की थी।
