

अगर आप नौकरीपेशा हैं और पीएफ (PF) खाते का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपना नया EPFO 2.01 पोर्टल शुरू किया है। इस नए सिस्टम का मकसद PF से जुड़े कामों को पहले से ज्यादा आसान, तेज और डिजिटल बनाना है।
नौकरी बदलते ही अपने आप ट्रांसफर होगा PF
EPFO 2.01 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर आपका PF अकाउंट आधार से लिंक है, तो नौकरी बदलने पर आपका PF बैलेंस अपने आप नए अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा। इसके लिए अब अलग से फॉर्म भरने या पुरानी और नई कंपनी से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी।
एक ही जगह मिलेगी पूरी PF डिटेल
नए पोर्टल में अब PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस, प्रोफाइल, पेंशन रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी एक ही डैशबोर्ड पर दिखाई देगी। पहले इन जानकारियों के लिए अलग-अलग सेक्शन में जाना पड़ता था।
अब किसी भी EPFO ऑफिस से होगा काम
पहले हर क्षेत्र का अलग डेटाबेस होता था, लेकिन अब पूरे देश का डेटा एक केंद्रीय सिस्टम से जुड़ गया है। इसका फायदा यह होगा कि कर्मचारी भारत के किसी भी EPFO कार्यालय में जाकर अपने PF से जुड़े काम करा सकेंगे।
क्लेम की गलती पहले ही पकड़ लेगा सिस्टम
नया सिस्टम क्लेम जमा होते ही दस्तावेजों की जांच करेगा। अगर कोई जानकारी अधूरी या गलत होगी, तो तुरंत SMS या पोर्टल के जरिए सूचना मिल जाएगी, जिससे गलती समय रहते सुधारी जा सकेगी।
UAN भूल गए? अब आसान तरीका
अगर आप अपना UAN नंबर भूल गए हैं, तो अब नए पोर्टल पर सिर्फ दो आसान स्टेप में उसे दोबारा प्राप्त कर सकते हैं।
इन सुविधाओं के लिए UMANG ऐप जरूरी
हालांकि अब UAN एक्टिवेट करना या नया UAN बनाना EPFO पोर्टल पर नहीं होगा। इसके लिए UMANG ऐप का इस्तेमाल करना होगा, जहां फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभी धीरे-धीरे मिलेंगी सभी सुविधाएं
EPFO ने बताया है कि नया पोर्टल लाइव हो चुका है, लेकिन इसकी सभी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध नहीं होंगी। आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से सभी फीचर शुरू किए जाएंगे।





