

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भखारा क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान की बिच्छू के डंक से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, भखारा क्षेत्र निवासी परदेशी राम अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। बारिश के मौसम में खेतों और झाड़ियों में बिच्छू व अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
बिच्छू के डंक लगने पर क्या करें?
यदि किसी व्यक्ति को बिच्छू डंक मार दे, तो घबराएं नहीं। सबसे पहले प्रभावित स्थान को साबुन और साफ पानी से धोएं। दर्द और सूजन कम करने के लिए बर्फ की सिकाई करें। यदि सांस लेने में तकलीफ, तेज धड़कन, बेहोशी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल या आपातकालीन चिकित्सा केंद्र पहुंचाएं।





