
भिलाई-दुर्ग: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 250 टन लौह स्क्रैप चोरी की जांच के दौरान भिलाई-3 पुलिस ने बीएसपी के एक जनरल मैनेजर (GM) और एक इंजीनियरिंग एसोसिएट को गिरफ्तार किया है। दोनों पर संगठित स्क्रैप चोरी गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
गुरुवार को पुलिस ने एसएमएस-3 विभाग में पदस्थ जीएम हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियरिंग एसोसिएट मनोज देवांगन को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। जांच में मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह मामला 26 मई को सामने आया था, जब भिलाई-3 थाना पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एक स्क्रैप यार्ड में छापेमारी कर करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया था। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3.22 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी।
जांच में खुलासा हुआ कि फ्लाई एश से भरे ट्रकों के नीचे स्टील प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप छिपाकर प्लांट से बाहर भेजा जाता था। ऊपर फ्लाई एश होने के कारण पहली नजर में किसी को चोरी का शक नहीं होता था।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार ट्रक चालकों ने बताया कि इसी तरीके से 30 से 40 बार स्क्रैप बाहर निकाला गया। तस्करों ने ट्रकों में विशेष छिपे हुए खांचे तैयार किए थे और कई बार अतिरिक्त पहिए हटाकर वजन भी संतुलित दिखाया जाता था, ताकि सुरक्षा जांच में कोई संदेह न हो।
अब तक इस मामले में 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एएसपी सुखनंदन राठौर के अनुसार, चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे स्क्रैप चोरी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।



