Bear cold drink incident mahasamund: महासमुंद, छत्तीसगढ़ – सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादित वीडियो में एक युवक भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाता नजर आया। यह घटना महासमुंद वन मंडल के बागबहरा परिक्षेत्र स्थित चंडी माता मंदिर परिसर की बताई जा रही है। वीडियो के वायरल होते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और आरोपी युवक को बिलासपुर वन मंडल की टीम ने तखतपुर से गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक ने कोल्ड ड्रिंक जमीन पर रखी और भालू ने उसे पी लिया। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी तखतपुर का निवासी करण धुरी है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत यह कृत्य गंभीर अपराध माना जाता है क्योंकि अनुसूची-I में सूचीबद्ध संरक्षित प्राणियों के साथ इस तरह का व्यवहार सख्ती से वर्जित है।
बिलासपुर वन मंडल के डीएफओ नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को तखतपुर से गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद महासमुंद वन मंडल के सुपुर्द किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। भालू जैसे संरक्षित वन्य जीव के साथ छेड़छाड़, भोजन देना, फोटो या वीडियो बनाना, उन्हें आकर्षित करना कानूनन अपराध है। इसके लिए 3 से 7 साल की जेल और जुर्माना हो सकता है।
