

E Rickshaw Stop App News: सड़क पर चलते ई-रिक्शा को अचानक बंद करने के आरोपों के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। BAT BMS समेत दो ऐप को Google Play Store और Apple App Store से हटा दिया गया है। आरोप है कि इन ऐप्स का इस्तेमाल ब्लूटूथ के जरिए दूर से ई-रिक्शा की बैटरी से कनेक्ट होकर उसे बंद करने के लिए किया जा रहा था।
यह मामला तब सामने आया जब इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स पर कई वीडियो वायरल हुए। इनमें कुछ लोग ब्लूटूथ की मदद से चलते ई-रिक्शा को अचानक रोकते दिखाई दिए। इससे चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
वायरल वीडियो में कई ई-रिक्शा चालक बीच सड़क पर वाहन बंद होने से परेशान नजर आए। कुछ को रिक्शा धक्का देकर ले जाना पड़ा, जबकि कई चालक भावुक भी दिखे। लगातार शिकायतों के बाद दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
शुरुआती जांच में पता चला कि यह ऐप ब्लूटूथ-सक्षम लिथियम बैटरियों से सीमित दूरी में कनेक्ट होकर बैटरी की वोल्टेज, तापमान और करंट जैसी जानकारी दिखा सकता है। हालांकि, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इसके कंट्रोल फीचर के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई गई। इसी वजह से दोनों ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने का फैसला लिया गया। मामले की आगे भी जांच जारी है।





