
बिलासपुर के चिल्हाटी गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाइयों की जान चली गई। तालाब में खेलते समय 4 साल का चींटू अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उसका 7 साल का बड़ा भाई दीपू भी पानी में उतर गया। कुछ ही देर में दोनों बच्चे डूब गए।
घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। बताया गया कि किसान भक्त प्रहलाद पैकरा शाम के समय अपने दोनों बेटों को लेकर तालाब के पास पहुंचे थे। बच्चे किनारे पर थे, जबकि पिता कुछ दूरी पर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान चींटू पानी में फिसल गया।
भाई को डूबता देख दीपू ने उसे बचाने की कोशिश की और तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण वह भी डूब गया। इसी बीच वहां मौजूद एक युवक की नजर दोनों बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
ग्रामीणों ने तालाब से दोनों बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें पचपेड़ी अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में दोनों को मस्तूरी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
