Bandi Koram murder Dantewada: दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच नक्सली लगातार डर और दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के निलावाया गांव में गुरुवार देर रात नक्सलियों ने बंडी कोर्राम की निर्मम हत्या कर दी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हथियारबंद नक्सली गांव में घुसे और बंडी को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियारों से हमला किया। घटना के दौरान बंडी कोर्राम की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर पहले से था नक्सली हमला
बंडी कोर्राम का परिवार पहले से नक्सलियों के निशाने पर था। करीब चार साल पहले उनके बेटे हरेंद्र कोर्राम की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस समय परिवार को सांत्वना देने के लिए सरकार ने मृतक परिजनों को सहायता राशि दी थी और उनकी बेटी को पुलिस विभाग में नौकरी उपलब्ध कराई गई थी।
पुलिस और सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया
पुलिस का कहना है कि यह हत्या नक्सलियों की दहशत फैलाने की रणनीति का हिस्सा है। घटना की जानकारी मिलते ही अरनपुर थाना पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है।
नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा उपाय
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान ने उन्हें बौखलाया है। हाल ही में, कुछ नक्सलियों ने शांति वार्ता और युद्धविराम की अपील भी की थी। वहीं, सुरक्षा बल गांव-गांव जाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रहे हैं और नक्सली गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
