

बालोद। जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बुआ की शादी के दूसरे दिन चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी। चौथिया कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य स्विफ्ट कार (CG 07 BM 1040) से डौंडी नगर लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि शारदा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।





