
उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी गायक अंकित बालियान (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कोतवाली क्षेत्र में आर्यपुरी नाला पटरी के पास हुई। बताया गया कि अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, चार हमलावर दो मोटरसाइकिलों से आए थे और जिम के बाहर पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने अंकित पर करीब से कई गोलियां चलाईं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके सिर और पेट में गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी गाड़ी के शीशों पर भी गोलियों के निशान मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
हत्या के बाद सड़क पर प्रदर्शन
अंकित की हत्या की खबर फैलते ही उनके परिवार, समर्थकों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर प्रदर्शन कर जाम लगाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में घटना को दुखद बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
यूट्यूब पर लाखों सब्सक्राइबर
शामली के बंटीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान हरियाणवी गीतों और अपनी प्रस्तुतियों के लिए जाने जाते थे। उनके YouTube चैनल पर 3.66 लाख से ज्यादा subscribers बताए जाते हैं। उनके कई वीडियो में SUV और हथियार नजर आते थे।
अंकित के जिला पंचायत की राजनीति में आने की तैयारी करने की भी चर्चा है, लेकिन इस संबंध में पुलिस या उनके समर्थकों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
