
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जगदलपुर में होने वाले दीपोत्सव को लेकर गुरुवार को मिताली चौक पर विवाद हो गया। कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में बहस और नारेबाजी हुई, इसके बाद मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया।
दरअसल, 17 सितंबर को दंतेश्वरी मंदिर परिसर से मिताली चौक तक सवा लाख दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजन की तैयारियों के चलते मिताली चौक क्षेत्र में पिछले दो दिनों से फूड स्टॉल, ठेले और गुमटियां बंद कराई गई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और मौके पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी।
विजय शर्मा के सामने बढ़ा विवाद
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की। वे लगातार कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन बातचीत के दौरान बहस बढ़ती गई।
इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई और देखते ही देखते कार्यकर्ता एक-दूसरे के सामने आ गए। इसके बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान जूते-चप्पल चलने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिसकर्मियों ने भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अलग किया और काफी मशक्कत के बाद माहौल शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाकर विवाद को नियंत्रित किया गया।
