
बालोद के देवगहन गांव में शहीद जवानों की प्रतिमाएं स्थापित करने वाले किसान और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू अब भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव से मुलाकात को लेकर चर्चा में हैं। लोकेंद्र बालोद से सूर्यकुमार की आदमकद प्रतिमा लेकर मुंबई पहुंचे और उन्हें यह प्रतिमा भेंट की।
इस मुलाकात के दौरान उन्होंने सूर्यकुमार यादव को छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के देवगहन गांव आने का न्योता भी दिया। सूर्यकुमार ने भविष्य में गांव आने और वहां स्थापित शहीदों की प्रतिमाएं देखने का आश्वासन दिया। मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
10 लाख रुपये खर्च कर बनवाए 18 शहीदों के स्मारक
अर्जुंदा तहसील के देवगहन गांव के रहने वाले लोकेंद्र साहू ने करीब दो साल पहले अपने खेत के पास सड़क किनारे 18 शहीद जवानों की प्रतिमाएं स्थापित कराई थीं। इसके लिए उन्होंने करीब 10 लाख रुपये अपनी ओर से खर्च किए।
इन प्रतिमाओं में कारगिल युद्ध, 26/11 मुंबई आतंकी हमला, पुलवामा, छत्तीसगढ़ के नक्सली हमलों और गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है।
लोकेंद्र का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ स्मारक बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को देश के लिए बलिदान देने वाले जवानों के बारे में बताना भी है।
कभी मुंबई में क्रिकेट सीखने पहुंचे थे लोकेंद्र
लोकेंद्र साहू का क्रिकेट से पुराना रिश्ता रहा है। करीब 25 साल पहले वह भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने का सपना लेकर मुंबई में क्रिकेट की कोचिंग लेने पहुंचे थे। हालांकि उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका।
इसके बावजूद उन्होंने खेल से अपना जुड़ाव बनाए रखा। वह क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट और दूसरे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण किसी भारतीय क्रिकेटर से कराने की इच्छा के चलते वह शहीद परिवारों के साथ मुंबई में कई क्रिकेट हस्तियों से संपर्क करने की कोशिश भी कर चुके हैं।
जन्मदिन पर सूर्यकुमार को दी 4 क्विंटल की प्रतिमा
14 सितंबर को सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन के मौके पर लोकेंद्र ने उनसे मुंबई में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सूर्यकुमार की सीमेंट से बनी करीब 4 क्विंटल वजन वाली आदमकद प्रतिमा उन्हें भेंट की।
इस प्रतिमा को बालोद से मालवाहक वाहन के जरिए मुंबई के चेंबूर स्थित सूर्यकुमार यादव के निवास तक पहुंचाया गया था। प्रतिमा देखकर सूर्यकुमार ने खुशी जाहिर की।
लोकेंद्र ने उन्हें देवगहन आने और शहीद जवानों की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। सूर्यकुमार ने भविष्य में छत्तीसगढ़ आकर गांव आने और शहीद परिवारों से मिलने का आश्वासन दिया।
मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सूर्यकुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए। इसके बाद देवगहन गांव में शहीदों की याद में बनाई गई यह पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गई।
