
‘बिग बॉस 20’ में इस बार कई चर्चित चेहरों के साथ रैपर यंग डीएसए भी नजर आ रहे हैं। शो में एंट्री के बाद उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और सीजन के पहले कप्तान भी बने। रैपिंग से रियलिटी शो तक पहुंचने वाली उनकी कहानी भी काफी दिलचस्प है।
कौन हैं यंग डीएसए?
यंग डीएसए का असली नाम हर्ष विजय मचारे है। वह पुणे के येरवडा इलाके से आते हैं। उनका रैपिंग स्टाइल देसी और रॉ अंदाज के लिए जाना जाता है। उनके संगीत में मराठी संस्कृति, ट्रैप बीट्स और भारतीय म्यूजिक का प्रभाव देखने को मिलता है।
उनके गानों में अक्सर शहर की जिंदगी और स्थानीय संस्कृति से जुड़े अनुभव नजर आते हैं। यही वजह है कि उनका संगीत बाकी कलाकारों से कुछ अलग दिखाई देता है।
‘येडा यंग’ से मिली बड़ी पहचान
यंग डीएसए को साल 2024 में रिलीज हुए गाने ‘येडा यंग’ से खास पहचान मिली। यह ट्रैक 2025 में तेजी से वायरल हुआ और इसके बाद यंग की लोकप्रियता काफी बढ़ी।
पुणे की स्थानीय संस्कृति और उनके अलग रैपिंग अंदाज ने इस गाने को खास बनाया। इसके अलावा ‘माफ कर’, ‘चला कल्टी’ और ‘राडे रापाटे’ जैसे गाने भी उनके चर्चित ट्रैक में शामिल हैं।
रैपर बनने से पहले BPO में की नौकरी
यंग डीएसए ने सिर्फ 12 साल की उम्र में रैपिंग शुरू कर दी थी। हालांकि, इसे करियर बनाने में उन्हें समय लगा। प्रोफेशनल रैपर बनने से पहले उन्होंने BPO में नौकरी भी की।
बॉलीवुड में भी आजमा चुके हैं हाथ
यंग डीएसए ने राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म ‘टोस्टर’ से बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने संगीतकार अमन पंत के साथ फिल्म के टाइटल ट्रैक पर काम किया। इसके अलावा ‘गोनी में पैसा’ गाने में भी उन्होंने अपनी रैप आवाज दी।
अब ‘बिग बॉस 20’ के मंच पर यंग डीएसए का नया अंदाज देखने को मिल रहा है। शो में उनकी मौजूदगी ने उनके संगीत के अलावा उनकी निजी कहानी को भी दर्शकों के बीच चर्चा में ला दिया है।
