
Saudi Arabia Drone Attack Mecca: सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने पवित्र शहर मक्का की ओर बढ़ रहे एक ड्रोन को नष्ट कर दिया। हालांकि, हूतियों ने इस आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
सऊदी अरब ने क्या कहा?
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6:50 बजे सऊदी वायु सेना ने मक्का की दिशा में आ रहे ड्रोन को शहर के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
सऊदी अधिकारी ने इसे लाखों मुसलमानों की भावनाओं को भड़काने की कोशिश बताया। उनका कहना है कि मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों की सुरक्षा को लेकर सऊदी अरब इसे नजरअंदाज नहीं करेगा।
मक्का में जारी हुआ था अलर्ट
घटना के बाद मक्का में कुछ समय के लिए आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया। लोगों को ऊंची इमारतों से दूर रहने और भीड़ या खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई। खतरा होने पर सुरक्षित जगह पर जाने की अपील भी की गई। बाद में यह अलर्ट वापस ले लिया गया।
जेद्दा और ताइफ में भी इसी तरह की चेतावनी जारी की गई थी।
हूतियों ने आरोप से किया इनकार
सऊदी अरब के दावे पर हूती विद्रोहियों ने मक्का को निशाना बनाने से इनकार किया है। हूती राजनीतिक ब्यूरो के प्रवक्ता हाजेम अल-असद ने सोशल मीडिया पर कहा कि मक्का को निशाना बनाने का आरोप एक पुराना और घिसा-पिटा झूठ है।
संघर्ष के बीच बढ़ा तनाव
यह घटनाक्रम सऊदी अरब और हूतियों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हूतियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों में सऊदी अरब में 73 लोग घायल हुए हैं। दक्षिणी सऊदी अरब के खमीस मुशैत स्थित किंग खालिद एयरबेस को भी मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, इस घटना की इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) ने कड़ी निंदा की और इसे घृणित हमला बताया है।
