
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में खराब सड़क की स्थिति देखकर उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय शर्मा ने अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने मौके पर उतरकर NH-30 की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर कई जगह पानी भर गया है। सड़क के कुछ हिस्से खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
विजय शर्मा इसी रास्ते से गुजर रहे थे। सड़क की स्थिति और जलभराव देखकर उन्होंने गाड़ी रुकवाई और खुद मौके पर पहुंचकर हालात देखे। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क की मरम्मत के साथ जलभराव और यातायात की समस्या को दूर करने के लिए जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
