
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन मिडटर्म कन्वेंशन में बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर के चुनाव के बाद कांग्रेस के दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बना रहता है, तो हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया।
डलास में सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि अगर रिपब्लिकन चुनाव जीतते हैं तो इसका फायदा जनता को भी मिलेगा। उन्होंने समर्थकों से चुनाव को ऐसे देखने की अपील की, जैसे वह खुद भी बैलेट पर हों।
1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा का खर्च
इस प्रस्ताव पर सरकार को कम से कम 1 ट्रिलियन डॉलर खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इतनी बड़ी रकम कहां से आएगी। उन्होंने सिर्फ कहा कि अमेरिका इस समय काफी पैसा कमा रहा है। प्रस्ताव को आर्थिक और राजनीतिक तौर पर चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
चुनाव से पहले ट्रंप पर दबाव
ट्रंप ने रिपब्लिकन समर्थकों से पार्टी को दोनों सदनों में बहुमत दिलाने की अपील की। वहीं, हालिया ओपिनियन पोल में उनकी अप्रूवल रेटिंग 30 प्रतिशत के निचले स्तर के आसपास बताई गई है। महंगाई और ईरान के साथ संघर्ष को लेकर भी उनकी सरकार को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
ईरान युद्ध का भी किया जिक्र
भाषण में ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष का कई बार उल्लेख किया। उन्होंने माना कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह स्थिति पसंद नहीं है, लेकिन उनका दावा है कि ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने की आशंका के चलते यह कदम जरूरी था।
उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का नाम अपने नाम पर रखने का सुझाव भी दिया और संघर्ष में जीत के साथ तेल की कीमतें कम होने की बात कही।
