
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत में आदिवासी बालक आश्रम से 4th Class का छात्र प्रिंस सिंह उर्फ ‘भीम’ लापता हो गया। अगले दिन उसका शव आश्रम के पास तालाब में मिला।
बताया गया कि प्रिंस करीब दो दिन पहले ही मझारटोला के आश्रम में रहने आया था। 8 सितंबर की सुबह वह आश्रम में नहीं मिला, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
परिजनों को बच्चे के लापता होने की जानकारी करीब शाम 4 बजे दी गई। इसके बाद परिवार भी उसकी तलाश में जुट गया। अगले दिन आश्रम के पास तालाब में बच्चे का शव दिखाई दिया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाला।
अधीक्षक निलंबित, SDM करेंगे जांच
मामले में बच्चे के लापता होने की सूचना समय पर नहीं देने को गंभीर लापरवाही माना गया है। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने आश्रम अधीक्षक अशोक एक्का को निलंबित कर दिया है।
अब SDM सोनहत पूरे मामले की जांच करेंगे। इसमें यह देखा जाएगा कि छात्र आश्रम से कैसे बाहर गया, उसकी निगरानी में क्या चूक हुई और परिजनों को सूचना देने में देरी क्यों हुई।
पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की असली वजह जांच और रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। घटना के बाद आश्रम में बच्चों की Safety और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
