
जगदलपुर। बस्तर संभाग में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले सरकारी विभागों पर विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। अब तक सात जिलों में 439 सरकारी बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
कार्रवाई के दौरान 50 सरकारी विभागों से 13.67 लाख रुपये से ज्यादा की बकाया राशि भी जमा कराई गई है।
विद्युत विभाग के अनुसार, जिन 439 कनेक्शनों पर कार्रवाई हुई, उन पर कुल 1 करोड़ 28 लाख 53 हजार 998 रुपये का बिल बकाया था। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण इन कनेक्शनों को काट दिया गया।
सरकारी विभागों पर 172 करोड़ से ज्यादा बकाया
बस्तर संभाग में सरकारी विभागों के करीब 19,880 बिजली कनेक्शन हैं। इन पर कुल 172 करोड़ 61 लाख रुपये से ज्यादा का बिजली बिल बाकी है।
अब विद्युत कंपनी ऐसे सरकारी कार्यालयों की पहचान कर रही है, जहां लंबे समय से बिल जमा नहीं हुआ है। बकाया नहीं चुकाने वाले विभागों पर आगे भी चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग का कहना है कि इस अभियान का मकसद सरकारी विभागों से बकाया बिल की वसूली करना और लगातार बढ़ रहे बकाये को रोकना है।
