
ग्रामीण क्षेत्र में LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब अगला गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण वितरकों से जुड़े उपभोक्ता पिछली रिफिल के 25 दिन बाद नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
पहले ग्रामीण ग्राहकों के लिए दो रिफिल के बीच 45 दिन का अंतर रखा गया था। अब यह अवधि घटाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे उन परिवारों को खास फायदा होगा, जिनके घर में गैस की खपत ज्यादा होती है।
25 दिन पूरे होने के बाद होगी बुकिंग
नई व्यवस्था के अनुसार, उपभोक्ता अपनी पिछली रिफिल की तारीख से 25 दिन पूरे होने के बाद अगला सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसलिए बुकिंग करने से पहले ग्राहक को अपनी पिछली रिफिल की तारीख जरूर देख लेनी चाहिए।
वितरकों को ग्राहकों को जानकारी देने के निर्देश
नए नियम की जानकारी ग्रामीण उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए गैस वितरकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। बुकिंग केंद्र, वितरक कार्यालय और डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी ग्राहकों को बदली हुई व्यवस्था के बारे में बताएंगे।
साथ ही, बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी समय पर हो, यह सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। स्टॉक, परिवहन या तकनीकी समस्या आने पर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देने की बात कही गई है।
बुकिंग से पहले तारीख जरूर जांचें
गैस उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि सिलेंडर बुक करते समय पिछली रिफिल की तारीख और 25 दिन की अवधि जरूर जांच लें। बुकिंग या डिलीवरी में परेशानी होने पर ग्राहक अपने संबंधित गैस वितरक से संपर्क कर सकते हैं।
