
नई दिल्ली। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्वतंत्र पर CJP कार्यकर्ता रीशू आजाद के पिता संजय के साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा।
गिरफ्तारी के बाद स्वतंत्र को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले को लेकर दिल्ली में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है।
गिरफ्तारी के बाद समर्थन में उतरे संगठन
स्वतंत्र की गिरफ्तारी के बाद कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रीशू आजाद और उनके पिता संजय के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दक्ष चौधरी ने संजय पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि जंतर-मंतर पर संजय और स्वतंत्र के बीच मारपीट हुई थी। संगठन की ओर से पुलिस को शिकायत भी दी गई है।
पहले CJP ने किया था प्रदर्शन
इस मामले में स्वतंत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर CJP कार्यकर्ताओं ने भी संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में सांसद चंद्रशेखर आजाद और पप्पू यादव समेत कई लोग शामिल हुए थे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्वतंत्र को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की बात कही थी। साथ ही मामले में SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में बुलंदशहर पहुंची।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
मामला उस समय चर्चा में आया, जब स्वतंत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उसने संजय पर हमले की बात कही थी और दावा किया था कि इस घटना में संजय के सिर पर गंभीर चोट आई थी।
वीडियो में स्वतंत्र ने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा का नाम लेते हुए एक फोन कॉल का भी जिक्र किया था। वीडियो सामने आने के बाद CJP की ओर से उसकी गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी गई।
अब पुलिस स्वतंत्र को रिमांड पर लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है। दूसरी ओर, उसके समर्थन में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस के सामने संजय के खिलाफ भी शिकायत पहुंची है।
