
कोरबा। NTPC कोरबा में शुक्रवार शाम स्विच यार्ड में हुए इलेक्ट्रिकल फॉल्ट के बाद प्लांट की सभी सात यूनिट बंद हो गईं। इससे करीब 2600 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ। इसका असर छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात, राजस्थान और गोवा की बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे स्विच यार्ड में PGCIL के बे की टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी सामने आई। फॉल्ट के बाद प्लांट की यूनिट्स ट्रिप होने लगीं और कुछ ही समय में सभी सात यूनिट बंद हो गईं।
NTPC कोरबा में 500 मेगावाट की चार और 200 मेगावाट की तीन यूनिट हैं। सातों यूनिट के बंद होने से प्लांट का उत्पादन पूरी तरह रुक गया। बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ने के बाद NTPC के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची।
ग्रुप महाप्रबंधक किशोर चंद्र महापात्र समेत अधिकारियों ने स्विच यार्ड में स्थिति का जायजा लिया। तकनीकी टीम फॉल्ट की वजह पता लगाने और सिस्टम को सामान्य करने में जुटी है।
NTPC की जनसंपर्क अधिकारी ऊष्मा घोष के मुताबिक, बंद यूनिट्स को दोबारा चालू करने का काम जारी है। देर रात तक यूनिट्स के शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, पूरी क्षमता से उत्पादन बहाल होने में तकनीकी जांच और मरम्मत की स्थिति अहम रहेगी।
