
अयोध्या। राम मंदिर के लिए दिए गए एक चेक ने ट्रस्ट के सामने अजीब स्थिति पैदा कर दी। चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये का चेक सौंपा था। लेकिन जब इसे बैंक में जमा कराया गया तो खाते में सिर्फ 3 रुपये ही मौजूद थे। रकम नहीं होने के कारण चेक क्लियर नहीं हो सका।
बताया जा रहा है कि महिला चाहती थीं कि उनके 4 करोड़ रुपये का इस्तेमाल खास तौर पर राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए किया जाए। इसी उद्देश्य से उन्होंने ट्रस्ट से इस बात की लिखित पुष्टि भी मांगी थी। हालांकि, उन्हें ऐसा लिखित आश्वासन नहीं मिल पाया।
इसी दौरान महिला ने मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपये का दान भी किया था।
चेक बाउंस होने के बाद बैंक की नजर
4 करोड़ रुपये का चेक खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की वजह से बाउंस हुआ है। इतनी बड़ी रकम का चेक अनादरित होने के बाद बैंक की ओर से संबंधित महिला को नोटिस भेजे जाने की तैयारी है।
नोटिस के जरिए उनसे चेक जारी करने और खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने को लेकर जवाब मांगा जा सकता है। चेक बाउंस के मामले में कानून के तहत आगे की कार्रवाई का रास्ता भी खुला रहता है।
हालांकि, फिलहाल मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर ट्रस्ट की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
राम मंदिर के लिए पहले भी बाउंस हुए थे चेक
यह पहली बार नहीं है जब राम मंदिर से जुड़े दान में चेक बाउंस होने की बात सामने आई हो। वर्ष 2020 में मंदिर निर्माण के लिए चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान करीब 45 दिनों में लगभग 3,500 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।
इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने चेक से भी सहयोग दिया था। उस समय तकनीकी और दूसरे कारणों से करीब 100 करोड़ रुपये के चेक बाउंस होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में ज्यादातर चेक दोबारा जमा कराकर रकम की भरपाई कर ली गई थी।
हालांकि, करीब 22 करोड़ रुपये की राशि वाले कुछ चेक की रिकवरी बाकी रहने की बात सामने आई थी।
मंदिर में हर महीने आता है करोड़ों का दान
राम मंदिर को श्रद्धालुओं से अलग-अलग माध्यमों से लगातार दान मिलता है। जानकारी के मुताबिक मंदिर में हर महीने करीब 3 से 4 करोड़ रुपये का दान आता है। इसमें नकद, ऑनलाइन भुगतान और चेक शामिल हैं।
इनमें चेक के जरिए हर महीने करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये मिलने की बात बताई जाती है। ऐसे में 4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने का मामला रकम के लिहाज से काफी बड़ा माना जा रहा है।
