
केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मैजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को जयपुर के जी स्टूडियोज में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने देशभर की फाइनलिस्ट्स को पीछे छोड़ते हुए ताज जीता। अब कैजिया नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कौन हैं कैजिया लिज मैजो?
कैजिया लिज मैजो केरल की रहने वाली हैं और फिलहाल कानून की पढ़ाई कर रही हैं। वह मॉडल होने के साथ क्लासिकल डांसर भी हैं। ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में वह पहले भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। साल 2025 में उन्होंने मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और फर्स्ट रनर-अप रही थीं।
कैजिया ने इससे पहले मिस यूनिवर्स केरल 2026 का खिताब भी जीता था। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने 52 फाइनलिस्ट्स के बीच अपनी जगह बनाई और अंत में मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज हासिल किया।

कौन बनीं फर्स्ट और सेकंड रनर-अप?
जयपुर में हुए फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं। उन्हें मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 का खिताब भी मिला। गुजरात की अनुश्री सतवलेकर सेकंड रनर-अप बनीं। वहीं महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव तीसरे और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ चौथे रनर-अप के स्थान पर रहीं।
सुष्मिता सेन समेत इन हस्तियों ने की जजिंग
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के जज पैनल में कई चर्चित नाम शामिल थे। भारत की पहली मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के अलावा उर्वशी रौतेला, सेलिना जेटली और मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा भी जूरी का हिस्सा थीं। फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर समेत अन्य विशेषज्ञों ने भी प्रतियोगियों का मूल्यांकन किया।
अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरेंगी कैजिया
राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद कैजिया लिज मैजो के सामने अगली बड़ी चुनौती मिस यूनिवर्स का मंच है। वह नवंबर में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके पास अंतरराष्ट्रीय पेजेंट का अनुभव भी है, क्योंकि वह 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल में फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं।
