
बालोद: बालोद जिले में रविवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना कंगलामांझी कॉलेज के पास हुई, जहां आयरन ओर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में जा पलटा।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान दुलारा बाई भैसारा (60) के रूप में हुई है। वह औराटोला की रहने वाली थीं। बताया गया कि वह खेत में मौजूद मवेशियों को सड़क की तरफ से बाहर निकाल रही थीं, तभी तेज गति से आ रहा ट्रक उनकी ओर पहुंच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, CG 05 AG 6422 नंबर का ट्रक डौंडी से गीधाली माइंस की तरफ जा रहा था। कंगलामांझी कॉलेज के पास ट्रक चालक ने आगे निकलने के लिए ओवरटेक किया। इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और महिला उसकी चपेट में आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
कार भी हादसे में फंसी
इसी दौरान सामने से CG 24 S 4966 नंबर की कार आ रही थी। ट्रक को अपनी ओर आता देख कार चालक ने बचने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी। कार में मौजूद दो लोगों को चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद ट्रक भी खेत में पलट गया। हादसे की जानकारी मिलने पर डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। ट्रक चालक के शराब के नशे में होने की बात की भी पुष्टि की जा रही है।
