
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास खेल रहा 3 साल का बच्चा अचानक बाड़ी के कुएं में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर बस्ती की है।
जानकारी के अनुसार, अभियांस पटेल घर में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से लगी बाड़ी में चला गया और अचानक कुएं में गिर गया। काफी देर तक जब वह घर में दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसके कुएं में गिरने की जानकारी मिली।
परिजनों ने बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दो भाइयों में छोटा था अभियांस
अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। उसके पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी उगाने का काम करते हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण कुएं में पानी काफी भर गया था। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
