
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुरानी रंजिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव में लोहे की रॉड से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को खैरा गांव निवासी 51 वर्षीय हीरामन सिंह और उसका 26 वर्षीय बेटा कामेंद्र सिन्हा ने पुरानी दुश्मनी के चलते गांव के ही हितेश सिन्हा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हितेश को शरीर के 20 से अधिक स्थानों पर फ्रैक्चर आए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल हितेश को पहले देवरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
