
रायपुर में आज से पवित्र सावन महीने की शुरुआत हो गई। सुबह से ही शहर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महादेव घाट स्थित प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे।
सावन को देखते हुए मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मान्यता है कि यहां नंदी के कान में अपनी मनोकामना कहने पर भगवान शिव उसे सुनते हैं और भक्तों की इच्छा पूरी करते हैं। यह ऐतिहासिक मंदिर खारुन नदी के तट पर स्थित है और रायपुरवासियों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
मंदिर के महंत सुरेश गिरी महाराज के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण कलचुरी काल में कराया गया था। वहीं खारुन नदी पर बना लक्ष्मण झूला शैली का पुल भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
