
Dantewada Bus Accident: दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस धुरली के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 से 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही भांसी थाना क्षेत्र के जवान मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में कुछ का इलाज दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
