

रायपुर। संतोषी नगर ब्रिज पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक हादसे का शिकार हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा RJ 31 GB 3122 नंबर का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे की चपेट में CG 04 MA 3271 नंबर की एक कार भी आ गई, जिससे उसे नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। ब्रिज पर पहुंचते ही चालक वाहन का संतुलन नहीं बना पाया और कुछ ही सेकंड में ट्रक रेलिंग पार कर नीचे जा गिरा। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बावजूद सबसे राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक और कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दुर्घटना के बाद कुछ समय तक संतोषी नगर ब्रिज के आसपास यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्रेन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह लग रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।






